डलमऊ (रायबरेली)। होली पर्व के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। डलमऊ थाना क्षेत्र के नेवाज़गंज निवासी सतीश कुमार पुत्र बुदून होली के मौके पर अपनी ननिहाल गदागंज थाना क्षेत्र के पंपापुर गांव गया हुआ था।बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह सतीश पंपापुर चौराहे के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी।हादसे के बाद वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर कार समेत फरार हो गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
तेज रफ्तार कार ने छीनी 7 साल के मासूम की जिंदगी, होली पर मातम
