विकास कार्यों का मिला फल, रायबरेली के प्रधान अखिलेश बनेंगे गणतंत्र दिवस परेड के विशेष अतिथि

रायबरेली। रायबरेली की ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद बेलहनी के प्रधान अखिलेश ने अपने उत्कृष्ट विकास कार्यों के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन किया है। पंचायती राज मंत्रालय द्वारा उन्हें 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह उपलब्धि न केवल ग्राम पंचायत बल्कि पूरे रायबरेली जनपद के लिए गौरव का विषय है।पंचायती राज मंत्रालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार उत्तर प्रदेश से कुल 42 ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं 24 जीवनसाथियों का चयन इस प्रतिष्ठित समारोह के लिए किया गया है, जिनमें मुस्तफाबाद बेलहनी के प्रधान अखिलेश भी शामिल हैं। यह सम्मान उन्हें ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए मिला है प्रधान अखिलेश के नेतृत्व में ग्राम पंचायत में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विकास हुआ है। गांव में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ शहरी स्तर की व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आया है।ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान अखिलेश की दूरदर्शिता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ने मुस्तफाबाद बेलहनी को आदर्श पंचायत बना दिया है। इससे पहले भी उनकी ग्राम पंचायत को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार मिल चुका है। गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होना उनके सार्वजनिक जीवन की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial