जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके पर एक युवक ने कथित तौर पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने कुछ ही सेकेंड में लगातार कई थप्पड़ जड़ दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अभिजीत दिपके युवाओं से जुड़े मुद्दों, NEET पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान हुई इस घटना से प्रदर्शनकारियों में नाराजगी फैल गई और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना के बाद मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। प्रदर्शनकारियों ने हमले की निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना की जांच जारी है।
राजस्थान
न्यूज़ प्लस रिपोर्ट
