रायबरेली। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल (चौहान गुट) के प्रदेश अध्यक्ष जी.सी. सिंह चौहान के नेतृत्व में व्यापारी नेताओं ने विकास भवन परिसर में धरना शुरू कर दिया।जी.सी. सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश पुस्तिका अधिकारियों को भेंट की थी। इसी दौरान कुछ जीएसटी अधिकारियों द्वारा उनके साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।व्यापारी नेताओं ने कहा कि व्यापारियों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों का व्यवहार अनुचित रहा, जिससे व्यापारी समाज में नाराजगी व्याप्त है।धरने पर बैठे व्यापारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो दोपहर 2 बजे कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।फिलहाल इस मामले को लेकर व्यापारी संगठनों में रोष व्याप्त है और सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
योगी संदेश पुस्तिका भेंट करने पर अभद्रता का आरोप, व्यापारी नेताओं ने विकास भवन में दिया धरना
