डलमऊ (रायबरेली)। डलमऊ तहसील क्षेत्र में यूरिया खाद निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचे जाने का मामला सामने आया है। एक किसान ने सहकारी संघ के सचिव पर अधिक पैसे वसूलने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से शिकायत की है।पूरा चंदेही मजरे तारापुर बंसी गांव निवासी मनोज कुमार मंजुल ने बताया कि उन्होंने 10 फरवरी को डलमऊ कस्बे के मुरई बाग स्थित सहकारी संघ से दो बोरी यूरिया खरीदी थी। आरोप है कि सचिव ने प्रति बोरी 290 रुपये के हिसाब से कुल 580 रुपये वसूल किए, जबकि सरकार द्वारा यूरिया का अधिकतम खुदरा मूल्य 270 रुपये प्रति बोरी निर्धारित है।पीड़ित किसान का कहना है कि जब उन्होंने अधिक मूल्य लेने पर आपत्ति जताई और रेट के बारे में पूछा तो सचिव भड़क गया और कथित तौर पर कहा कि “रेट मत पूछो, जो खाद मिल रही है ले लो, वरना यह भी नहीं मिलेगी।” मनोज कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि सचिव व उसके पुत्र ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मामले को किसी से न कहने की धमकी दी।किसान ने बुधवार को एसडीएम डलमऊ को प्रार्थना पत्र देकर जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
“रेट मत पूछो, जो खाद मिल रही है ले लो, वरना यह भी नहीं मिलेगी।”
