“डीएम साहिबा, अभी मैं जिंदा हूं?” समाधान दिवस में बुजुर्ग अम्मा की पुकार, वीडियो वायरल

महराजगंज, रायबरेली।
“डीएम साहिबा, अभी मैं जिंदा हूँ?” — समाधान दिवस में एक बुजुर्ग महिला की यह मार्मिक पुकार पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है। शनिवार को महाराजगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शिवगढ़ विकासखंड के कमालपुर आवाडीह गांव की रहने वाली पीड़िता किशुन दुलारी पत्नी स्व. जग प्रसाद ने अधिकारियों के सामने आरोप लगाया कि ग्राम विकास अधिकारी सुमित कुमार वर्मा ने उन्हें तीन वर्ष पूर्व “मृत” दिखा दिया। इसी वजह से उनकी वृद्धावस्था पेंशन 3 साल से बंद है। पीड़िता का कहना है कि वह कई बार अधिकारियों के चक्कर लगा चुकी हैं लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। समाधान दिवस में जब उन्होंने अपनी बात डीएम के सामने रखी, तो डीएम ने सख्त कार्रवाई और विभागीय जांच का आश्वासन दिया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। शिकायत व वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी शिवगढ़ की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार ने आरोपी ग्राम विकास अधिकारी सुमित कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। बुजुर्ग महिला को अब प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial