रायबरेली में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराईं दो बाइकें, पिता-बेटी समेत तीन की दर्दनाक मौत

रायबरेली। रायबरेली और अमेठी जिले की सीमा पर स्थित निगोहा गांव के पास रायबरेली–सुल्तानपुर मार्ग पर सोमवार देर रात करीब 9 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक से दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिता-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, हादसे में जायस के गांधीनगर निवासी अतुल (35), उनकी छह वर्षीय बेटी दिशा और फरदीपुर परवर गांव निवासी हीरालाल की मौत हो गई। तीनों को सीएचसी फुरसतगंज ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।वहीं हादसे में रानी, पल्लवी (18), शिवानी (18) और माही (12) गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।बताया जा रहा है कि ओदारी गांव निवासी सत्यनारायण के अनुसार उनके रिश्तेदार अतुल अपनी पत्नी रानी और बेटी दिशा के साथ बाइक से थाना मिल एरिया के संदी राम गांव जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर हीरालाल अपनी बेटी पल्लवी और रिश्तेदार शिवानी व माही के साथ सवार थे।निगोहा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में दोनों बाइकें सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराईं। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सभी सात लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।फुरसतगंज थाना प्रभारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक और ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल रायबरेली में चल रहा है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

रिपोर्ट: News Plus Report

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial