रायबरेली (एनपीआर नेटवर्क)। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला रायबरेली जिले से सामने आया है। मिल एरिया थाना क्षेत्र निवासी शाबान पुत्र मोहम्मद अलीम ने सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख 40 हजार रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार डिघिया बाजार निवासी शिव शंकर और उनके पुत्र आशीष शर्मा ने रियाद में क्लीनर की नौकरी व अच्छा वेतन दिलाने का वादा किया था। आरोप है कि एम्प्लॉयमेंट वीजा की जगह सप्लायर वीजा बनवाकर उसे सऊदी अरब भेज दिया गया।रियाद पहुंचने के बाद उसे क्लीनर का काम न देकर दम्माम ले जाया गया, जहां उससे 60–70 किलो वजन उठाने का काम कराया गया। तीन दिन बाद ही उसे नौकरी से निकालकर भारत वापस भेज दिया गया। पीड़ित ने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर फोनपे के जरिए आरोपियों के खातों में रकम ट्रांसफर की थी, जिसकी डिटेल उसके पास मौजूद है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट_मेराज अली
