रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरारा रामपुर गांव में स्थित लगभग 200 वर्ष पुराने राम जानकी मंदिर को एक बार फिर बेखौफ चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में स्थापित भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की प्राचीन मूर्तियों को चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि ये मूर्तियां न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र थीं, बल्कि उनकी अनुमानित कीमत भी काफी अधिक है।चोरी की यह घटना रात के अंधेरे में अंजाम दी गई। सुबह जब पुजारी और ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो टूटा हुआ ताला देखकर उनके होश उड़ गए। गर्भगृह से मूर्तियां गायब देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।सूचना मिलते ही डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि जिले में लगातार मंदिरों से मूर्ति चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रायबरेली में बेखौफ चोरों ने फिर बनाया मंदिर को निशाना,200 वर्ष पुराने राम जानकी मंदिर से प्राचीन मूर्तियां चोरी, गांव में आक्रोश
