रायबरेली: पंखे का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आई बुजुर्ग महिला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

न्यूज प्लस रिपोर्ट | रायबरेली

​रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे नब्बा सिंह का पुरवा (मजरा सुट्टा हरदो) गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर में पंखे का प्लग लगाते समय एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला करंट की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

​पंखे का प्लग लगाते समय हुआ हादसा

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान फूल दुलारी (60), पत्नी स्वर्गीय हुबलाल गौतम के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे फूल दुलारी अपने घर के बिजली बोर्ड में पंखे का प्लग लगा रही थीं। इसी दौरान खंभे से जुड़ा लोहे का सेफ्टी तार करंट की चपेट में था। काम के दौरान जैसे ही उनका हाथ सेफ्टी तार से लगा, वह तेज करंट की चपेट में आकर तार से चिपक गईं और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

​घर में नाती के साथ रहती थीं मृतका

​स्थानीय लोगों के अनुसार, फूल दुलारी अपने 7 वर्षीय नाती अभय के साथ गांव में रहती थीं। उनका बेटा संतोष अपनी पत्नी के साथ शहर में रहकर मजदूरी/कामकाज करता है। इस हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

​विद्युत आपूर्ति ठप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

​घटना की सूचना मिलते ही गदागंज विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (JE) नितेश दुबे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लाइनमैन को मौके पर भेजा और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई। सूचना पर पहुंची गदागंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial