रायबरेली। शहर के बरगद चौराहा के पास स्थित एक स्पा सेंटर में शुक्रवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एयरटेल कंपनी के सेल एक्सीक्यूटिव को वाई-फाई शिकायत के बहाने बुलाकर बेरहमी से पीट दिया गया। आरोप है कि स्पा संचालक और उसके साथियों ने बेसबॉल बैट से हमला किया।पीड़ित सत्यम तिवारी सरेनी थाना क्षेत्र के छमनीखेड़ा के निवासी हैं और एयरटेल कंपनी में सेल एक्सीक्यूटिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि स्पा संचालक शैलेंद्र ने वाई-फाई खराब होने की शिकायत कर उन्हें बुलाया था। शाम करीब सवा आठ बजे जैसे ही वह स्पा सेंटर पहुंचे, संचालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और वाई-फाई खराब होने का आरोप लगाते हुए बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।पीड़ित के सिर पर हेलमेट होने के कारण जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े। शोर सुनकर पास की लाइब्रेरी में पढ़ रहे युवकों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर स्पा संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
स्पा सेंटर पर एयरटेल कर्मी पर बेसबॉल बैट से जानलेवा हमला, तीन पर केस दर्ज
