रायबरेली।ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष शेख ताहिर सिद्दीकी के रायबरेली आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बछरांवा संगठन और जिला इकाई के नेतृत्व में चुरूवा बॉर्डर पर फूल-मालाओं, बुके और गगनभेदी नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान शेख ताहिर सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।इसके बाद बछरांवा विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में गाड़ियों का काफिला आगे बढ़ा, जहां त्रिपुला चौराहे पर जिला और सलोन विधानसभा की टीम ने स्वागत-सम्मान किया। काफिला आगे बढ़ते हुए ऊंचाहार विधानसभा के दीनशाह गौरा ब्लॉक अंतर्गत धमधमा गांव पहुंचा, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं से ऐतिहासिक स्वागत किया।धमधमा गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने जनसंपर्क किया और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कई पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। जनसभा को संबोधित करते हुए शेख ताहिर सिद्दीकी ने कहा कि AIMIM हमेशा गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।उन्होंने भाजपा पर जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि AIMIM विकास, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर काम करती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में AIMIM उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया इतिहास रचेगी। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सैयद ताजदार नकवी, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद आबिद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रायबरेली में AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शेख ताहिर सिद्दीकी का भव्य स्वागत, उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब
