रायबरेली (एनपीआर)। भदोखर थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाइवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुचरिया के पास तेज रफ्तार टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे लटक गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टैंकर चालक को अचानक नींद की झपकी आ जाने से वाहन नियंत्रण खो बैठा। हादसे में चालक घायल हुआ है, लेकिन गंभीर हादसे से बाल-बाल बच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बचाव कार्य में जुट गए और तुरंत पुलिस तथा एनएचएआई टीम को सूचना दी।मौके पर पहुंची भदोखर पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से टैंकर को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।राहगीरों ने बताया कि टैंकर को नीचे लटका देखकर उनके होश उड़ गए, लेकिन सौभाग्य से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाइवे पर बड़ा हादसा, ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे लटका टैंकर
