रायबरेली – यातायात माह 2025 का हुआ समापन

रायबरेली (एनपीआर)। जिले में एक महीने तक चलाए गए यातायात माह 2025 का समापन पुलिस लाइन ग्राउंड में किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर यातायात माह का औपचारिक समापन किया।शासन के निर्देश पर 1 नवंबर से 30 नवंबर तक चलाए गए इस अभियान में पुलिस, ट्रैफिक और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों ने जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। टीमों ने स्कूलों और कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक, सेमिनार और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।अभियान के दौरान बिना हेलमेट, मॉडिफाइड वाहन, काली फिल्म, ओवरलोडिंग और अन्य उल्लंघनों पर 20 हजार से अधिक वाहनों का चालान किया गया। वहीं, सैकड़ों लोगों को हेलमेट और फूल देकर सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित किया गया।समापन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने यातायात माह में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले स्कूल के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का आंकड़ा भी काफी घटा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करना है।पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित इस समापन समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial