रायबरेली। महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र में एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।मृतक की पहचान शैलेंद्र प्रताप (30 वर्ष), पुत्र बृजपाल, निवासी टीशा खानापुर, थाना चंदापुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शैलेंद्र प्रताप महाराजगंज कस्बे में किराए के कमरे में रह रहा था। शनिवार को अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं।पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हर पहलू को बारीकी से खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रायबरेली में युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, इलाके में सनसनी
