बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुर्सी थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद के चलते राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश सचिव अफसर अली को उनके ही भतीजे उबैद ने तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से अफसर अली के सीने में छर्रे लगे, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत नाजुक होने पर लोहिया अस्पताल, लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। सीओ फतेहपुर जगतराम कनौजिया ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, अफसर अली और उबैद दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके बीच पुरानी रंजिश व गैंगवार चल रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दुश्मनी में भतीजे ने यह हमला किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
रंजिश की आग में रिश्तों का खून, भतीजे ने चाचा को बनाया निशाना
