रायबरेली यूपी। सरेनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार की शाम बैरुवा-भिटौरा निर्माणाधीन गंगा पुल के अंतिम छोर (फतेहपुर सीमा) पर जलकुंभी में फंसे दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्राथमिक नजर में शव एक महिला और एक पुरुष के बताए जा रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरदारगंज मजरे बेरुवा घाट के पास नवनिर्मित पुल के नीचे गंगा नदी की जलकुंभी में दो शव उतराते देख स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही सरेनी कोतवाल रमेश चंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, रात का अंधेरा होने और तेज बारिश की वजह से तुरंत गोताखोरों व नाविकों को उतारने में दिक्कतें आईं।मामला फतेहपुर जिले की सीमा का होने के कारण हुसैनगंज थाने के इंस्पेक्टर भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।सरेनी कोतवाल रमेश चंद्र यादव ने बताया कि शव फतेहपुर जिले की प्रशासनिक सीमा में पाए गए हैं, इसलिए आगे की विधिक व कानूनी प्रक्रिया हुसैनगंज पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस शवों को बाहर निकलवाकर उनकी शिनाख्त कराने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
बैरुआ से भिटौरा के निर्माणाधीन पुल के नीचे गंगा में मिले महिला-पुरुष के शव, क्षेत्र में सनसनी
