डलमऊ (रायबरेली)। डलमऊ थाना पुलिस ने गौवंश तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार तस्करों को आठ गौवंशीय पशुओं समेत गिरफ्तार कर लिया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब ग्राम पखरौली निवासी ग्राम चौकीदार हनुमान पुत्र लक्ष्मण ने 11 दिसंबर 2025 को पुलिस को लिखित तहरीर देकर बताया कि नई बस्ती मजरे पखरौली में प्रदीप चौरसिया के बाग में कुछ लोग गौवंश को पकड़े बैठे वाहन का इंतजार कर रहे हैं।
तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 334/2025, धारा 3/5 यूपी गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से प्रदीप चौरसिया उर्फ नंगू, रामू गौतम, हरिशंकर गौतम, सतीश गौतम इन चारों को 06 बैल व 02 गाय सहित हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गौवंश पकड़कर उन्हें बेचते हैं और वध हेतु भेजने वाले एक व्यक्ति को सौंप देते हैं। पशुओं की बिक्री से प्राप्त धन आपस में बांटकर अपने शौक पूरा करते थे। मुख्य आरोपी प्रदीप चौरसिया का आपराधिक इतिहास भी सामने आया, जिसमें 2016 से अब तक कई गम्भीर मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 पवन कुमार सचान, उ0नि0 नरेन्द्र सिंह, उ0नि0 देवेश साहू, उ0नि0 दीनानाथ द्विवेदी, आरक्षी राहुल कश्यप व चालक जयवीर सिंह शामिल रहे।
