डलमऊ गंगा घाट पर बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारी, प्रशासन ने किया भव्य मॉकड्रिल का प्रदर्शन

डलमऊ, रायबरेली।प्रदेश सरकार की आपदा प्रबंधन संबंधी प्राथमिकताओं के तहत गुरुवार को डलमऊ कस्बे के ऐतिहासिक रानी जी शिवाला घाट पर बाढ़ आपदा पूर्व तैयारी एवं प्रतिक्रिया कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संभावित बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना था।मॉकड्रिल में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन टीम, स्थानीय नाविकों एवं गोताखोरों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान बाढ़ अथवा जलभराव की स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन किया गया। बचाव दलों ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और समन्वय का अभ्यास कर अपनी तैयारियों का परिचय दिया।कार्यक्रम का नेतृत्व उपजिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह, नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, एआरटीओ तथा कोतवाली प्रभारी राघवन सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।मॉकड्रिल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने भी भाग लिया। इस दौरान उन्हें आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों एवं बचाव प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनजागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।उपजिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह मॉकड्रिल पूरी तरह सफल रही और इससे यह सुनिश्चित हुआ कि स्थानीय प्रशासन किसी भी संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial