रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र की पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 फर्जी आधार कार्ड, 7 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 2 लैपटॉप तथा एनी डेस्क ऐप से जुड़े अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस के अनुसार, गिरोह एनी डेस्क ऐप के माध्यम से लोगों के मोबाइल और कंप्यूटर का रिमोट एक्सेस लेता था। उसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर नकली आधार कार्ड बनाकर विभिन्न धोखाधड़ी के कार्यों में उनका इस्तेमाल करता था। ये आधार कार्ड बैंक खाता खोलने, सिम कार्ड प्राप्त करने और अन्य वित्तीय अपराधों में उपयोग किए जाते थे। मामला उस समय खुला जब डीह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ लोग फर्जी तरीके से आधार कार्ड तैयार कर रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
थाना प्रभारी डीह ने बताया कि गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी एवं आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रायबरेली में फर्जी आधार कार्ड गैंग का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
