रायबरेली पुलिस ने 24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, चार हत्यारोपी गिरफ्तार

रायबरेली। जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चंदापुर थाना क्षेत्र के ओया गांव में हुए ब्लाइंड मर्डर का खुलासा मात्र 24 घंटे के भीतर कर दिया। मृतक समरजीत उर्फ विनीत सिंह (35) का शव ट्यूबवेल की कोठरी के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए जाने से हत्या की आशंका गहरा गई थी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एसओजी और सर्विलांस टीम सहित विशेष टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। तकनीकी सर्विलांस और सटीक सुरागरसी की मदद से पुलिस ने हत्या में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। गिरफ्तार आरोपियों में प्रांजल पुत्र अनोखेलाल, सूरज पुत्र अनु, जितेंद्र यादव पुत्र राकेश कुमार और कुणाल यादव पुत्र बृजलाल शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त आला-कत्ल भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार हत्याकांड में शामिल एक और आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार सभी चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial