रायबरेली पहुंचे फिल्म अभिनेता गौरव कुमार, अश्लील भोजपुरी गीतों पर जताई चिंता—CM से लगाई रोक की मांग

रायबरेली। फिल्म अभिनेता गौरव कुमार हाल ही में रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के धमधमा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकार मोहम्मद जैद के आवास पर अपनी नई फिल्म का एक शूट किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर ग्रामीण कलाकारों को प्रोत्साहित किया। मीडिया से बातचीत में अभिनेता गौरव कुमार ने भोजपुरी फिल्मों और एलबमों में बढ़ती अश्लीलता पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अश्लील भोजपुरी गीतों पर रोक लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अश्लील कंटेंट समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालता है और युवा पीढ़ी को गलत दिशा में ले जाता है। गौरव कुमार ने बताया कि रायबरेली उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि है, इसलिए जिले का नाम रोशन करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्हें इस मिट्टी में जन्म लेने पर गर्व है। उन्होंने अब तक 20 से अधिक फिल्मों में काम किया है, जिनमें से 11 फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। गौरव ने रायबरेली नाम से एक फिल्म भी बनाई है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी आगामी फिल्म सूबेदार जल्द रिलीज होगी, जिसमें वे बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर के साथ स्क्रीन साझा करेंगे। धमधमा में शूटिंग के बाद गौरव कुमार ने कहा कि जल्द ही रायबरेली शहर में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के युवा कलाकारों को मंच दिया जाएगा। शूटिंग के दौरान गदागंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा और पूरे कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial