भूमिधरी जमीन पर गड़े पत्थरों से ग्रामीण परेशान, कलेक्ट्रेट पहुंचे मिर्जापुर के लोग

फतेहपुर (एनपीआर नेटवर्क)।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर तालुके जमरावां के ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने पत्र के माध्यम से भूमिधरी जमीन पर गाड़े जा रहे पत्थरों का विरोध करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि वे सभी ग्राम मिर्जापुर तालुके जमरावां के स्थायी निवासी हैं और उनकी पैतृक भूमिधरी जमीन व रिहायशी मकानों पर कथित रूप से सरकारी कर्मचारियों द्वारा अवैध तरीके से पत्थर गाड़े जा रहे हैं। जब ग्रामीणों ने पत्थर गाड़ने वाले कर्मचारियों से इस संबंध में जानकारी चाही तो किसी ने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के भीतर तक पत्थर गाड़ दिए गए हैं और पूछताछ करने पर उन्हें जमीन व घर खाली करने की बात कही जा रही है, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इस कार्रवाई से ग्रामीणों को अपने घर और जमीन छिनने का डर सता रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए भूमिधरी जमीन पर गाड़े गए पत्थरों की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस दौरान सुरेन्द्र सिंह, अजमेर सिंह, गया प्रसाद, महेश, गजोधर, धनंजय, राहुल, संतोष, मोहित, नरेन्द्र कुमार, इन्द्रजीत सिंह, अवधेश, बाबू सिंह, ज्ञान सिंह, सूरत सिंह, सर्वेश सिंह, दुर्गेश कुमार, पंकज सिंह, धर्मेन्द्र सिंह और अंकित कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial