NEET के दबाव में खूनी वारदात: बेटे ने लाइसेंसी राइफल से पिता की हत्या कर शव के किए टुकड़े

लखनऊ। लखनऊ के आशियाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आशियाना के सेक्टर एल-91 में रहने वाले 49 वर्षीय शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह की हत्या उनके ही बेटे अक्षत प्रताप सिंह (21) ने कथित रूप से गोली मारकर कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार 20 फरवरी को आशियाना थाने में मानवेंद्र सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान संदेह के आधार पर बेटे अक्षत से पूछताछ की गई, जिसमें पूरी वारदात का खुलासा हुआ।
लाइसेंसी राइफल से मारी गोली
विक्रांत वीर (डीसीपी मध्य) के मुताबिक, पिता मानवेंद्र सिंह बेटे पर नीट परीक्षा की तैयारी को लेकर लगातार दबाव बना रहे थे। 20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में तीखा विवाद हुआ। गुस्से में आकर अक्षत ने घर की लाइसेंसी राइफल से पिता को गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना मकान की तीसरी मंजिल पर हुई। उस समय आरोपी की छोटी बहन कृति अपने कमरे में सो रही थी।
शव को घसीटकर नीचे लाया, आरी से किए टुकड़े
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद उसने शव को घसीटते हुए भूतल पर लाकर एक खाली कमरे में रखा। पहले उसने शव को कार से गोमती नदी में फेंकने की योजना बनाई, लेकिन वजन अधिक होने के कारण ऐसा न कर सका। बाद में वह बाजार से आरी खरीदकर लाया और शव के टुकड़े कर दिए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सिर और दोनों हाथ को सदरौना इलाके में फेंक आया, जबकि धड़ घर के भीतर ड्रम में छिपा दिया गया। धड़ को ठिकाने लगाने से पहले ही पुलिस को जानकारी मिल गई और आरोपी पकड़ा गया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल बरामद कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि मानसिक दबाव, पारिवारिक विवाद और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। इस जघन्य घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। एक प्रतिष्ठित कारोबारी की इस तरह हत्या और शव के टुकड़े किए जाने की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
News Plus Report

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial