रायबरेली (एनपीआर नेटवर्क)। ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के ग्राम पूरे बग्घा मजरे पूरनमऊ निवासी 96 वर्षीय राजबहादुर सिंह ने दो लोगों पर धोखे से उनकी जमीन हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। अत्यधिक वृद्ध और कमजोर दृष्टि वाले राजबहादुर सिंह का कहना है कि उन्हें साफ दिखाई नहीं देता और वे लोगों को पहचान भी नहीं पाते। बुजुर्ग के मुताबिक, नेवादा पट्टी निवासी कल्लू सिंह और धर्मेंद्र सिंह उन्हें इलाज कराने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि दोनों ने कुछ गवाहों की मिलीभगत से उनकी जमीन अपने नाम करा ली। राजबहादुर का कहना है कि उन्हें इस प्रक्रिया की कोई जानकारी नहीं थी और न ही उन्होंने किसी दस्तावेज़ पर अपनी मर्ज़ी से हस्ताक्षर किए। मामले की जानकारी तब सामने आई जब उनके भतीजे को पूरी घटना का संदेह हुआ। भतीजे के पूछने पर राजबहादुर ने बताया कि विपक्षी पक्ष इलाज कराने के नाम पर उन्हें ले गया था और इस दौरान धोखे से जमीन संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए।पीड़ित बुजुर्ग ने अब पुलिस अधीक्षक रायबरेली से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र और कमजोर स्वास्थ्य का फायदा उठाकर उनकी संपत्ति हड़पने की कोशिश की गई है।
बुजुर्ग ने लगाया धोखे से जमीन हड़पने का आरोप, न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक से लगाई गुहार
