गदागंज (रायबरेली)।गदागंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जलालपुर धई रेलवे स्टेशन के पास करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव गेट नंबर 54C से लगभग 300 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक से करीब 10 मीटर दूर पड़ा मिला।जानकारी के अनुसार, गेटमैन विजय कुमार पाल ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे कीमैन दिलीप कुमार बरारा से जलालपुर धई स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर लगी चाभियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ट्रैक के किनारे शव पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही गदागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।ग्रामीणों के मुताबिक, अज्ञात व्यक्ति के सिर और हाथ में चोट के निशान थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह देर रात किसी ट्रेन से गिर गया होगा। बताया जा रहा है कि मृतक शारीरिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा था, जिसकी जैकेट में घास, पन्नी समेत अन्य सामान भरा हुआ था।इस संबंध में थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे ट्रैक के पास मिला 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका
