लखनऊ / प्रदेश डेस्क | न्यूज़ प्लस रिपोर्ट
पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में अब राजनीतिक दल भी खुलकर सामने आने लगे हैं। राष्ट्रीय परिवर्तन पार्टी (अखंड भारत) ने छात्रों के सभी शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का पूर्ण समर्थन करने का ऐलान किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अनेंद्र सिंह ‘क्रांतिकारी’ ने अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में छात्रों को अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना एवं प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है। कोई भी सत्ता या प्रशासन उनके इस अधिकार को नहीं छीन सकता।
‘छात्र हित सर्वोपरि, लाठीचार्ज बर्दाश्त नहीं’
अनेंद्र सिंह क्रांतिकारी ने राज्य सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। रोजगार मांगने पर निर्दोष और बेरोजगार छात्रों पर लाठीचार्ज करना कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्र हित हमारे लिए सर्वोपरि है।”
अधिकारियों को सख्त चेतावनी
प्रशासनिक रवैये पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि:
“अगर किसी भी अधिकारी या शासन-प्रशासन के व्यक्ति ने छात्रों पर असंवैधानिक अत्याचार किया, तो सत्ता में आने पर उन्हें ऐसी कड़ी सजा दिलाई जाएगी कि भविष्य में कोई भी अधिकारी किसी निर्दोष छात्र पर हाथ उठाने से पहले सौ बार सोचेगा।”
