रायबरेली: महिला की बेरहमी से हत्या, आरोपी की संदिग्ध हालत में मौत, इलाके में सनसनी

रायबरेली। सरेनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगतपुर भिचकौरा में एक सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गांव में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि हत्या के आरोपित की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।मृतका की पहचान सीमा पत्नी राजेंद्र पासवान के रूप में हुई है। सीमा का शव उसके ही घर के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। मौके से खून से सना बांका भी बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव निवासी राम सुमेर का सीमा के घर पर आना-जाना था और उसी ने बांका से हमला कर उसकी हत्या की। सूचना पर पहुंची पुलिस जब शव को कब्जे में लेने लगी तो आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने से रोक दिया।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित राम सुमेर अपने घर के पीछे खेत में संदिग्ध हालत में पड़ा है। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। यह हत्या के बाद आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और साजिश, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial