डलमऊ (रायबरेली)। कस्बा स्थित डलमऊ पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर गुरुवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खाने-पीने के आकर्षक स्टॉल लगाए, जिनमें उन्होंने अपनी रचनात्मकता, जिम्मेदारी और व्यवहारिक कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। स्टॉलों पर बच्चों द्वारा स्वयं तैयार किए गए व्यंजन, स्नैक्स, जूस, मिठाइयाँ और विभिन्न प्रकार के फूड आइटम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें अभिभावकों व शिक्षकों ने खूब सराहा। बच्चों के आत्मविश्वास और टीम वर्क ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर स्कूल के मेनेजर धर्मेंद्र सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “बाल दिवस बच्चों की खुशियों, सपनों और उनकी अपार क्षमताओं को सम्मान देने का दिन है। बच्चों ने अपने हाथों से स्टॉल लगाकर यह साबित कर दिया कि उनमें सीखने और आगे बढ़ने की असीम संभावनाएँ हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व, संवाद कौशल और जिम्मेदारी का भाव विकसित करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल प्रबंधन भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ जीवनोपयोगी कौशल भी सीख सकें। कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों की देखरेख में किया गया, वहीं बच्चों ने पूरे जोश के साथ बाल दिवस को यादगार बना दिया।
डलमऊ— बाल दिवस पर डलमऊ पब्लिक स्कूल में बच्चों की प्रतिभा चमकी, खाने-पीने के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
