महराजगंज में बड़ा हादसा टला: अनियंत्रित ट्रक ने पान गुमटियों, ऑटो व बिजली पोल को रौंदा, चालक गंभीर घायल

महराजगंज (रायबरेली)। नवोदय चौराहा पर रविवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने चौराहे पर खड़ी तीन पान की गुमटियों और एक ऑटो को रौंद दिया। इसके बाद ट्रक बिजली का पोल तोड़ते हुए मौरंग के ढेर में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कई लोगों की जान बाल-बाल बच गई।रविवार रात करीब 10 बजे महराजगंज से रायबरेली की ओर जा रहा ट्रक नवोदय विद्यालय चौराहा के पास अचानक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक ने सबसे पहले अजीजगंज निवासी राजेंद्र मौर्य, जयशंकर रज्जन और सर्वेश की पान की गुमटियों को टक्कर मार दी। इसके बाद चौराहे पर खड़े रामबाबू के ऑटो को जबरदस्त टक्कर मारते हुए उनके घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।इसके बाद ट्रक हीरालाल के घर के सामने लगे बिजली के पोल को तोड़ता हुआ मौरंग के ढेर में जा घुसा, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त रामबाबू के घर में सो रहे परिजन सुरक्षित बच गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हादसे में घायल ट्रक चालक को स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया की ट्रक में शराब भी मिली है,पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial