रायबरेली। लालगंज थाना क्षेत्र के ऐहार स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब आम से लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार दो युवक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गए और उनकी जान पर बन आई।घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी 7981 की टीम मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। उपनिरीक्षक मुन्ना सिंह एवं हेड कांस्टेबल चालक मनीष सिंह ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सरकारी वाहन में रस्सी बांधकर क्षतिग्रस्त पिकअप को खींचा, जिसके बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।घायलों की पहचान नवजीवन और सिद्धार्थ पटेल पुत्र रविशंकर पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आम लेकर प्रयागराज जा रहे थे। प्राथमिक उपचार के लिए दोनों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।स्थानीय लोगों ने पीआरवी टीम की तत्परता, बहादुरी और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। समय रहते पुलिस की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया और दो युवकों की जान बचाई जा सकी।
पीआरवी 7981 बनी फरिश्ता, मौत के मुंह से दो युवकों को निकाला बाहर
