खीरो में दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गांव में सनसनी

रायबरेली के थाना खीरो क्षेत्र के सुरजीपुर निहस्था गांव में शुक्रवार की रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी भीमराज उर्फ भीखू और उनकी पत्नी सोनी देवी घर के अंदर मृत पाए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर ग्रामीणों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को खबर दी। मौके पर तुरंत खीरो थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि भीमराज ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर धारदार हथियार (बांका) से अपनी पत्नी सोनी देवी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिलने के कारण घटना को पारिवारिक विवाद का मामला माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना से दंपती के तीन छोटे बच्चे— शिवम (9 वर्ष), शुभम (7 वर्ष), शिवशान (4 वर्ष) अनाथ हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सोनी देवी 14 नवंबर को मायके में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर घर लौटी थीं। पुलिस ने तलाशी के दौरान घटनास्थल से बांका बरामद कर लिया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। गांव में किसी तरह का तनाव नहीं है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

— News Plus Report

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial