एडीओ पंचायत पर गंभीर आरोप, दो युवकों के घायल होने से मचा हड़कंप

बछरावां (रायबरेली)। एडीओ पंचायत कैलाश नाथ पटेल पर दो युवकों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। घटना के बाद दोनों घायल युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि 5 मार्च को गांव हसनपुर थाना बछरावां क्षेत्र में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एडीओ पंचायत कैलाश नाथ ने गांव के दो युवकों अभिषेक सिंह और शुभम शर्मा पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल युवकों का आरोप है कि कैलाश नाथ गांव में दबंगई करते हैं और पहले भी सफाईकर्मियों से घूस लेने के आरोप लग चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं एडीओ पंचायत कैलाश नाथ ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की है और उन्हें बेवजह फंसाया जा रहा है। इस संबंध में सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial