News Plus Report
ऊंचाहार (रायबरेली)। पत्रकारिता पर दबाव बनाने का एक मामला सामने आया है। महिला से छेड़छाड़ के आरोप से जुड़ी खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ऊंचाहार कोतवाल द्वारा पत्रकार को फोन पर कथित तौर पर धमकी देने का ऑडियो सामने आया है। ऑडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।जानकारी के अनुसार नगर के कलवारन टोला में शनिवार को हुए एक विवाद में एक महिला ने दूसरे समुदाय के दो युवकों पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था। यह खबर सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद ऊंचाहार कोतवाल अजय कुमार राय नाराज़ हो गए।आरोप है कि उन्होंने फोन कर पत्रकार को फटकार लगाते हुए कहा कि “फालतू का काम मत करो, तुम्हारा बहुत खुरापात चलता है। थाने आओगे तो बताएंगे, बड़ा पत्रकार मत बनो।” बातचीत के दौरान कथित तौर पर यह भी कहा गया कि “तुमको जो चाहेंगे वो कर देंगे।”इस ऑडियो के वायरल होने के बाद पत्रकारों में आक्रोश देखा जा रहा है। कई पत्रकारों और स्थानीय लोगों ने इसे पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर दबाव बनाने की कोशिश बताया है।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। परीक्षा ड्यूटी के कारण वह बाहर हैं, लौटने के बाद पूरे प्रकरण की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
