डलमऊ के घुरवारा बीआरसी में आउट ऑफ स्कूल बच्चों के लिए नोडल अध्यापकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

डलमऊ (रायबरेली)। आउट ऑफ स्कूल बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के उद्देश्य से ब्लॉक संसाधन केंद्र घुरवारा, डलमऊ में खंड शिक्षा अधिकारी नंदलाल रजक के निर्देशन में नोडल अध्यापकों का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों को चिन्हित कर विद्यालयों से जोड़ना है, जो किसी कारणवश स्कूल से बाहर हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिक्षा का अधिकार प्रत्येक बच्चे का मूल अधिकार है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए नोडल अध्यापकों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के आसपास रहने वाले बच्चों की पहचान, सर्वेक्षण, नामांकन तथा अभिभावकों से संवाद स्थापित करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना इस प्रशिक्षण का मुख्य लक्ष्य है। प्रशिक्षण में संदर्भदाता के रूप में धर्मेंद्र कुमार यादव एआरपी देवेंद्र कुमार एआरपी वीरेंद्र सिंह एआरपी संदीप यादव एआरपी मोहम्मद इरफान खान तथा नरेंद्र कुमार रहे। सभी संदर्भदाताओं ने आउट ऑफ स्कूल बच्चों की पहचान करने, सर्वेक्षण की प्रक्रिया, नामांकन सुनिश्चित करने तथा अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए सकारात्मक संवाद, जागरूकता एवं नियमित अनुश्रवण अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान नोडल अध्यापकों को विभिन्न व्यवहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial