गदागंज (रायबरेली)। खजुरी गांव में जल निकासी की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। गांव के आधा दर्जन से अधिक घरों से पानी बाहर न निकल पाने के कारण ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार जमा हो रहे पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, वहीं लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास खंड जगतपुर में पानी निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या से आंख मूंदे बैठे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो कोई निरीक्षण हुआ और न ही समस्या का समाधान किया गया। भरथरी सिंह, जयचंद सिंह, अमित कुमार, अजय कुमार, विन्ध्य विक्रम, सत्य प्रकाश, जनक प्रताप सिंह सहित ग्रामीणों ने बताया कि बीडीओ जगतपुर और क्षेत्रीय विधायक को लिखित शिकायत दी गई है। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक स्थल पर कोई अधिकारी पहुंचा ही नहीं।ग्रामीणों का सवाल है कि जब जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है, तो इसका जिम्मेदार कौन है? गाँव के लोग अब तत्काल समाधान की मांग कर रहे हैं।
गदागंज : खजुरी गांव में जलभराव से जनजीवन बेहाल, अधिकारी बने मौन
