“साहब, मैं जिंदा हूं…” रायबरेली में जिंदा व्यक्ति को कागजों में मरा दिखाकर हड़पी गई संपत्ति!

रायबरेली। रायबरेली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को कागजों में मृत दिखाकर उसकी ही संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप लगा है। पीड़ित अब खुद को जिंदा साबित करने के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगा रहा है।मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के निराला नगर (913/24) निवासी दिनेश कुमार मिश्रा पुत्र गुरु प्रसाद मिश्रा से जुड़ा है। पीड़ित के अनुसार, वह 16 मई 2019 को कुछ समय के लिए सोनीपत चले गए थे और बीच-बीच में घर आते-जाते रहते थे। रायबरेली के डिग्री कॉलेज चौराहे पर उनकी “रोहित बुक्स वर्ल्ड” नाम से दुकान है, जिसकी देखरेख उनकी अनुपस्थिति में बेटा आयुष मिश्रा और पत्नी नीलम मिश्रा करते थे।आरोप है कि इसी दौरान लालच में आकर पत्नी और बेटे ने 29 अक्टूबर 2021 को दिनेश मिश्रा का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा दिया। इसके बाद 25 अक्टूबर 2022 को जिलाधिकारी के समक्ष उत्तराधिकार के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर संपत्ति अपने नाम करा ली। इतना ही नहीं, नगर पालिका परिषद के कर निर्धारण रजिस्टर में भी स्वामित्व के स्थान पर नीलम मिश्रा और आयुष मिश्रा का नाम दर्ज करा लिया गया।पीड़ित का कहना है कि इसके बाद दुकान और मकान को बेचने की तैयारी शुरू कर दी गई और इसका प्रचार-प्रसार भी किया जाने लगा। जब उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर उत्तराधिकार को निरस्त करने की मांग की।फिलहाल पीड़ित दिनेश कुमार मिश्रा अपने ही जिंदा होने का सबूत देने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial