हरचंदपुर रायबरेली | News Plus Report
हरचंदपुर क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी शुक्रवार को पीड़ित परिवारों से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।विधायक ने पीड़ित परिवारों को पेंशन एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही। मौके पर ही उन्होंने उपजिलाधिकारी लालगंज से फोन पर वार्ता कर सहायता राशि से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।गौरतलब है कि बीते दिनों हरचंदपुर ग्राम सभा के गंभीपुर निवासी अजय गौतम एवं रजोले कोरी भट्टे पर कार्य करने जा रहे थे। देर रात सड़क दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।पीड़ित परिवारों से भेंट के दौरान विधायक राहुल लोधी ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना से उन्हें गहरा आघात लगा है। उन्होंने कहा कि अपनों को खोने की क्षति कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन दुख की इस घड़ी में वह पूरी मजबूती के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं।
