रायबरेली। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने एक बार फिर एक परिवार को बिखेर कर रख दिया है। इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती ने ऐसा मोड़ ले लिया कि चार बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। इस घटना के बाद पूरा परिवार संकट में आ गया है और पीड़ित पति अब मासूम बच्चों को लेकर न्याय की गुहार लगा रहा है।पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी की सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक से दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ दिन पहले वह अचानक घर से लापता हो गई और बाद में पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई है। पत्नी के चले जाने के बाद चारों बच्चों की जिम्मेदारी अकेले पति पर आ गई है, जिससे वह मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा है।न्याय की उम्मीद में पीड़ित पति पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, जहां उसने एसपी से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी और उचित कार्रवाई की मांग की। उसने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद उसे अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं मिल पाई है।यह पूरा मामला डीह थाना क्षेत्र के टेकारी दांदू गांव का बताया जा रहा है। घटना को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।
News Plus Report
