अहमदाबाद।भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत टी20 विश्व कप का खिताब तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया है। इससे पहले भारत ने 2007 और 2024 में यह ट्रॉफी जीती थी।फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है।भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। अभिषेक शर्मा ने भी तेजतर्रार पारी खेलते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए। वहीं ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर स्कोर 255 तक पहुंचाया।256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों के सामने कीवी टीम लगातार विकेट खोती रही और पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 और वरुण चक्रवर्ती ने 1 विकेट हासिल किया।इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया और लगातार दूसरी बार विश्व कप खिताब जीतकर अपना दबदबा साबित किया।
भारत बना टी20 का बादशाह, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार जीता वर्ल्ड कप
