खीरों (रायबरेली)। खीरों थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार राम भरोसे (60) की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना खजुरिया बांध मोड़ के पास की है। बरौडी हिंदूखेड़ा निवासी राम भरोसे, पुत्र स्व. शिवराम, कलुआखेड़ा बाजार से साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बठुवा शाहपुर, थाना मौरावा (उन्नाव) निवासी दुर्गेश (20) पुत्र श्यामलाल, हरिपुर मिर्दाहा गांव में एक शादी समारोह से लौट रहा था। रास्ते में दुर्गेश की बाइक ने साइकिल सवार राम भरोसे को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और साइकिल सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस द्वारा दोनों को सीएचसी खीरों पहुंचाया गया, जहां डॉ. प्रजेश ने प्राथमिक उपचार किया। राम भरोसे की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया।गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल दुर्गेश का उपचार सीएचसी खीरों में जारी है। मृतक राम भरोसे के दो बेटे और चार बेटियां हैं, सभी का विवाह हो चुका है। परिजनों, विशेषकर माता रताना का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाइक की टक्कर में घायल साइकिल सवार की मौत
