रायबरेली। जिला कारागार से पेशी पर लाया गया एक बंदी गुरुवार को पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, 25 वर्षीय नाहर नट, जो एक आपराधिक मामले में जेल में बंद था, गुरुवार को जिला न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। पेशी पूरी होने के बाद उसने वकील से मिलने का बहाना बनाकर दीवानी कचहरी परिसर के पास से भागने में सफलता हासिल कर ली। बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
सीओ सदर अरुण नौहार के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पूरे शहर में रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने फरार बंदी की तलाश में चारों दिशाओं में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि बंदी की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी और घटना की पूरी जांच की जा रही है।
जिला कारागार से पेशी पर आया बंदी फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
