रायबरेली। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक रायबरेली में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष राहुल गांधी ने की। इस दौरान अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि और जिले के अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की बिंदुवार जानकारी और प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया। प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, पेंशन, जल जीवन मिशन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की गई।राहुल गांधी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाए रखने तथा खराब सड़कों की मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।बैठक के दौरान जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। राहुल गांधी ने अधिकारियों से कहा कि आम जनता से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
रायबरेली में दिशा समिति की बैठक संपन्न, राहुल गांधी ने विकास योजनाओं की समीक्षा की
