लालगंज (रायबरेली)।नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऐहार में व्याप्त अव्यवस्थाओं के चलते मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल का मुख्य गेट तय समय पर नहीं खोला जाता, जिससे इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को घंटों बाहर इंतजार करना पड़ता है।मरीजों का कहना है कि कई बार गंभीर हालत में पहुंचे लोगों को भी गेट बंद मिलने के कारण तत्काल उपचार नहीं मिल पाता, जिससे उनकी स्थिति और बिगड़ जाती है। केंद्र में चार कर्मचारियों की तैनाती के बावजूद मौके पर केवल एक आयुष चिकित्सक और एक वार्ड बॉय ही मौजूद मिले, जबकि अन्य कर्मचारी छुट्टी या इमरजेंसी का हवाला देकर अनुपस्थित बताए गए।ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि अस्पताल को समय पर खोला जाए और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
नवीन पीएचसी ऐहार में अव्यवस्था चरम पर, घंटों बंद रहता है अस्पताल का गेट
