रायबरेली (एनपीआर नेटवर्क)। मंगलवार को जिले में कानून व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए 10 नई स्कॉर्पियो गाड़ियों को शामिल किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के प्रयासों से डायल 112 सेवा को यह बड़ी सौगात मिली है। पुलिस लाइन में आयोजित संक्षिप्त समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने संयुक्त रूप से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित थानों के लिए रवाना किया।इन गाड़ियों के शामिल होने से डायल 112 के वाहनों की संख्या 58 से बढ़कर 68 हो गई है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम अब और कम होगा। डायल 112 प्रभारी जावेद अख्तर ने कहा कि वाहनों की बढ़ोतरी से दूर-दराज के इलाकों में भी त्वरित सेवा सुनिश्चित हो सकेगी।नई स्कॉर्पियो गाड़ियाँ सदर कोतवाली, शिवगढ़, लालगंज, सरेनी, गुरुबख्शगंज, डलमऊ, गदागंज, ऊंचाहार, नसीराबाद और डीह थानों को आवंटित की गई हैं।एडीएम सिद्धार्थ ने कहा कि प्रशासन और पुलिस मिलकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। वहीं एएसपी संजीव सिन्हा ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि नए वाहनों का समुचित उपयोग करते हुए जनता की सेवा में तत्पर रहें। नई गाड़ियों के शामिल होने से जिले की पुलिसिंग और अधिक सशक्त होगी।
रिपोर्ट_मेराज अली
