अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की भीषण सड़क हादसे में मौत; झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जाते समय हादसा

प्रयागराज / झांसी न्यूज प्लस रिपोर्ट

माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे 21 वर्षीय अबान की गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मुलाकात करने जा रहा था। हादसे के वक्त हुंडई क्रेटा कार में अबान के साथ उसके चार अन्य दोस्त भी सवार थे।

तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, 7 फीट हवा में उछली

घटना झांसी से करीब 70 किलोमीटर पहले पूंछ थाना क्षेत्र की है। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हवा में लगभग 7 फीट तक उछल गई और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। कार के पुर्जे हाईवे पर करीब 40 फीट दूर तक बिखर गए।

मौके पर दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

हादसे के बाद कार में सवार सभी पांच लोग अंदर फंस गए और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह कार का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला। हालांकि, आगे की सीट पर बैठे अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।

​कार में मौजूद तीन अन्य घायल—उमर अहमद, मोहम्मद जैद और एहजाम—को गंभीर हालत में नजदीकी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दम तोड़ने से पहले अबान के आखिरी शब्द थे, “मुझे बचा लो…”

हादसे का कारण: जानवर को बचाने की कोशिश या हाईवे पर पड़ी ईंट?

दुर्घटना के कारणों को लेकर दो अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं:

  • प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार: चश्मदीद दीपक ने बताया कि हाईवे पर अचानक एक बछड़ा आ गया था। उसे बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने कार को बाईं तरफ मोड़ा, लेकिन सामने एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार दोबारा मुड़ी और अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
  • घायल के अनुसार: वहीं, हादसे में घायल उमर अहमद का कहना है कि हाईवे पर ईंट पड़ी हुई थी, जिससे टकराने के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।

​पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial