रायबरेली (एनपीआर नेटवर्क)। गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे मनी गांव में शाम शार्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गया पाल के घर का सारा घरेलू सामान और गृहस्थी जलकर राख हो गई। घटना से पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है।जानकारी के अनुसार शाम करीब पांच बजे अचानक बिजली के शार्ट सर्किट से आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में घर में रखा सारा सामान जलने लगा। पीड़ित गया पाल ने बताया कि आग से उनके तीनों बेटों के घर का घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है, जिससे परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के अन्य घरों को बचा लिया गया।
शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग, गृहस्थी का सामान जलकर खाक
