डलमऊ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वन पुरवा निवासी राजा रामपाल (60 वर्ष) किसी काम से मुराई बाग गए थे और नमक की बोरी लेकर साइकिल से अपने घर वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि डलमऊ-ऊंचाहार मार्ग पर आर्यन दीप स्कूल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल राघवन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और डंपर की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रफ्तार बनी काल: साइकिल सवार बुजुर्ग को डंपर ने रौंदा
