रायबरेली। पुलिस ने ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए 6 लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लूटे गए सामान के साथ पकड़े गए हैं।घटना 26 फरवरी की है, जब एनटीपीसी की कार्यदायी संस्था में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर अंकित पाल लक्ष्मीगंज गांव के पास से अपने घर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर लैपटॉप, पेन ड्राइव, मोबाइल और स्मार्ट वॉच लूट ली और फरार हो गए थे।पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया और करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके बाद 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अपने महंगे शौक और रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था।गिरफ्तार पांच आरोपी फतेहपुर जनपद के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी रायबरेली का रहने वाला है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
महंगे शौक ने बना दिया लुटेरा! 200 CCTV खंगालकर पुलिस ने 6 युवकों को दबोचा
