डलमऊ को मिली बड़ी सौगात: साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक फायर स्टेशन, लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

डलमऊ रायबरेली। डलमऊ क्षेत्र में आग की घटनाओं से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। क्षेत्र में नए फायर स्टेशन के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है, जिसके लिए लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस निर्णय से डलमऊ सहित आसपास के दर्जनों गांवों की करीब तीन लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।अब तक डलमऊ क्षेत्र में आग लगने की किसी भी घटना पर दमकल की गाड़ियां लालगंज या ऊंचाहार से पहुंचती थीं। दूरी अधिक होने के कारण मौके पर पहुंचने में देरी हो जाती थी, जिससे आग पर काबू पाने में समय लगता और नुकसान बढ़ जाता था। विशेषकर गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाओं में इजाफा होने से स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।प्रस्तावित फायर स्टेशन के लिए सोभवापुर गांव के पास करीब डेढ़ बीघा जमीन चिह्नित कर ली गई है। यहां प्रशासनिक भवन, वाहन शेड, पानी की टंकी सहित आवश्यक संसाधनों का निर्माण किया जाएगा। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि भवन निर्माण के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।नया फायर स्टेशन बनने से न केवल आग की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण संभव होगा, बल्कि आपातकालीन स्थितियों में भी राहत और बचाव कार्य तेज गति से संचालित किए जा सकेंगे। इससे डलमऊ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial